चाईबासा में नगर निकाय चुनाव प्रचार तेज, विभिन्न प्रत्याशियों ने चलाया जनसंपर्क अभियान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा शहर में प्रचार अभियान तेज हो गया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ शहर के अलग-अलग वार्ड, मोहल्लों, गली और चौक-चौराहों में जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं।


इसी क्रम में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वार्डों में निकले और लोगों से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर का समग्र विकास है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं का विकास जरूरी है और इसके लिए उनके पास स्पष्ट योजना है। साथ ही अभिभावकों और अन्य वर्गों के लिए भी वे काम करना चाहते हैं। उनकी धर्मपत्नी आशा प्रसाद भी महिला समर्थकों के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।
वहीं अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित उम्मीदवार रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू भी समर्थकों के साथ विभिन्न चौक-चौराहों और दुकानों में पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि शहर के विकास के लिए है। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवार उनके लिए सम्माननीय हैं और वे मिलकर शहर के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अनूप सुल्तानिया भी अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे चाईबासा के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस बार उन्हें जनसमर्थन मिल रहा है।
इधर वार्ड संख्या 5 से पार्षद पद की प्रत्याशी चंदा अग्रवाल ने अपना चुनावी कार्यालय खोला। उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छता उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र को साफ व सुंदर बनाना उनका लक्ष्य है।

