Newsझारखण्ड

छुपा रुस्तम साबित हो सकते हैं अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में चुनावी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव को लेकर उनके प्रवक्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दावा किया है कि वे इस चुनाव में “छुपा रुस्तम” साबित हो सकते हैं।

 

प्रवक्ता ने बताया कि चुनाव की गतिविधियां पूरी तरह से तेज हो चुकी हैं और सुनील प्रसाद साव अपने समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वे महिला, पुरुष और बुजुर्ग समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान वे मतदाताओं से संवाद स्थापित कर अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं।

 

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें आम लोगों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। विभिन्न समुदायों और समाज के लोगों से मिल रहे सहयोग को देखते हुए उनके समर्थक काफी उत्साहित हैं। प्रवक्ता का कहना है कि शहर के प्रति सुनील प्रसाद साव का समर्पण और सभी वर्गों के लोगों से उनका जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 23 तारीख को होने वाले मतदान में अध्यक्ष पद के लिए सुनील प्रसाद साव के पक्ष में व्यापक मतदान होगा। प्रवक्ता के अनुसार, यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वे नगर निकाय के अध्यक्ष के रूप में शहर के विकास और सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

 

चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं और सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *