Newsझारखण्ड

वार्ड 19 से पार्षद प्रत्याशी डॉ. श्रुति चौबे के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 19 से पार्षद प्रत्याशी डॉ. श्रुति चौबे के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन सदर बाजार स्थित गोदरेज भवन में किया गया। कार्यालय का उद्घाटन मारवाड़ी महिला समिति की वरिष्ठ सदस्य सह अंचल प्रमुख पुष्पलता चौबे ने फीता काटकर की।

 

इस अवसर पर सृजन शाखा अध्यक्ष रुचि चौबे, खुशबू खिरवाल, नेहा शर्मा, उर्मिला शर्मा, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की सचिव निशा केडिया, रानी पांडे, सुमन खिरवाल, चाईबासा चेंबर के अध्यक्ष संजय चौबे, सचिव नीरज संदवार, साकेत चौबे, दुर्गेश खत्री सहित सैकड़ों महिला और पुरुष समर्थक उपस्थित थे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. श्रुति चौबे के पति संजय चौबे ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शहर के हृदय स्थल माने जाने वाले वार्ड संख्या 19 का समुचित विकास हो। उन्होंने कहा कि इस वार्ड से विकास की एक ठोस रूपरेखा तैयार कर पूरे शहर के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है।

 

वहीं पार्षद पद की प्रत्याशी डॉ. श्रुति चौबे ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें एक अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते वे जानती हैं कि अधिकांश समस्याओं की जड़ गंदगी है। नाली, सड़क और बाजार में फैली गंदगी से बीमारियां फैलती हैं, इसलिए स्वच्छता उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

 

उन्होंने कहा कि वार्ड से विस्थापित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करना उनका लक्ष्य है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों के लिए पार्क और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

 

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह देखा गया और सभी ने आगामी चुनाव में डॉ. श्रुति चौबे को समर्थन देने की बात कही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *