आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव : भगलू सोरेन को तीसरा मोर्चा का समर्थन, मुकाबला हुआ दिलचस्प
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। झामुमो समर्थित महापौर प्रत्याशी भगलू सोरेन को सर्वदलीय आदित्यपुर विकास मंच (तीसरा मोर्चा) का समर्थन मिलने से चुनावी समीकरण में नया मोड़ आ गया है। इस समर्थन के बाद महापौर पद की दौड़ और रोचक हो गई है।


झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए कहा कि तीसरा मोर्चा के समर्थन से पार्टी समर्थित उम्मीदवार की स्थिति और मजबूत हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कुछ अहम राजनीतिक घोषणाएं भी की जा सकती हैं, जिससे चुनावी रणनीति को और धार मिलेगी।
झामुमो के वरिष्ठ नेता व सरायकेला के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गणेश महाली ने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद राज्य सरकार के समन्वय से आदित्यपुर के विकास को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगर होने के बावजूद शहर कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा।
वहीं, तीसरा मोर्चा के संयोजक संजीव आचार्य ने स्पष्ट किया कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य आदित्यपुर में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी।
इस मौके पर महापौर प्रत्याशी भगलू सोरेन, तीसरा मोर्चा के अध्यक्ष बुलेट नारायण सिंह, झामुमो नगर अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान, अजीत प्रधान, बीरेंद्र तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नगर निकाय चुनाव के नजदीक आते ही समर्थन और गठबंधन की राजनीति तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि यह नया समीकरण मतदान के दिन कितना असर दिखाता है।

