Newsझारखण्ड

चाईबासा में सुनील प्रसाद साव के तीन वार्डों में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच अध्यक्ष पद के प्रबल उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव के चुनावी कार्यालयों का रविवार को वार्ड संख्या 3, 6 और 9 में विधिवत उद्घाटन किया गया। इस संबंध में जानकारी उनके प्रवक्ता ने विज्ञप्ति जारी कर दी। बताया गया कि स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में फीता काटकर और नारियल फोड़कर कार्यालयों का उद्घाटन किया गया।

 

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सुनील प्रसाद साव ने कहा कि चाईबासा शहर के विकास के लिए बहुत कुछ किया जाना बाकी है और यह तभी संभव है जब जनता का सहयोग मिलेगा।

 

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे उन्हें प्राथमिकता देना चाहते हैं, क्योंकि घर को सजाने और संवारने में महिलाओं की भूमिका अहम होती है। उन्होंने कहा कि शहर की आधी आबादी महिलाएं हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि बाजार, चौक-चौराहों या सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है, जो दुखद स्थिति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

 

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नगर परिषद में सीमित नौकरियां हैं, लेकिन विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं से जोड़कर युवाओं के लिए आय के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही।

 

बुजुर्गों के संबंध में उन्होंने कहा कि वे समाज के अभिभावक हैं और उन्हें सम्मानजनक सुविधाएं मिलनी चाहिए। शहर में कई भवन खाली पड़े हैं, जिनका सही उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने सभी आवश्यक सेवाओं को एक छत के नीचे लाने की बात कही।

 

कार्यक्रम में आदिवासी उरांव समाज संघ के अध्यक्ष संचू तिर्की तथा उरांव समाज के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष समर्थक उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *