सदर अस्पताल में देर से पहुंचे चिकित्सक को गुलाब देकर समय पालन का संदेश
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत सदर अस्पताल चाईबासा में अल्ट्रासाउंड सेवा से जुड़े चिकित्सक फूलचंद हांसदा के देर से पहुंचने पर एक अलग तरीके से संदेश दिया गया। खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा और डिस्टिक सुपरीटेंडेंट डॉक्टर शिवचरण हांसदा ने उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर स्वागत किया।


गुलाब फूल देकर स्वागत करने के पीछे उद्देश्य चिकित्सकों को समय की पाबंदी के प्रति जागरूक करना था। बताया गया कि सदर अस्पताल में दूर-दराज और सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यदि डॉक्टर समय पर उपस्थित नहीं होते हैं तो मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता है और उन्हें असुविधा होती है।
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि सभी डॉक्टरों को नियमित रूप से समय पर अस्पताल पहुंचना चाहिए ताकि मरीजों को तय समय पर जांच और उपचार मिल सके।

डिस्टिक सुपरीटेंडेंट डॉक्टर शिवचरण हांसदा ने भी समय पालन को आवश्यक बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा में अनुशासन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट किया गया कि मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

