बांधपाड़ा के शिव मंदिर में भव्य भंडारा आयोजित, बड़कुंवर गागराई हुए शामिल
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): महाशिवरात्रि के बाद बांधपाड़ा स्थित पाल हाउस परिसर के शिव मंदिर में भव्य भंडारा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।


इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई अपने समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा भंडारे में प्रसाद वितरण में भाग लिया।
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि वे कई वर्षों से महाशिवरात्रि के बाद आयोजित होने वाले इस भंडारे में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक और धार्मिक एकता का प्रतीक है। वर्तमान में चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हैं। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न होने की कामना की।

आयोजन से जुड़े रोहित पाल ने बताया कि यह भंडारा वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि उनके दादा-परदादा के समय से यह आयोजन होता आ रहा है और परिवार द्वारा इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस वर्ष भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष महाशिवरात्रि के बाद सामूहिक रूप से किया जाता है, जिसमें सभी समुदाय के लोग भाग लेते हैं।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और देर शाम तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा।

