जामताड़ा के बाड़ेडीह घाट पर अवैध बालू उठाव का आरोप, ग्रामीणों का विरोध; प्रशासन की भूमिका पर सवाल
जामताड़ा जिले में अवैध बालू उठाव को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामला पंजनियां पंचायत के बाड़ेडीह घाट का है, जहां से नाव के जरिए बड़े पैमाने पर बालू निकासी का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन लाखों रुपये मूल्य की बालू बाहर भेजी जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


ग्रामीणों का आरोप है कि यह क्षेत्र जामताड़ा की सीमा में आता है और यहां से खनिज संपदा की खुलेआम ढुलाई की जा रही है। उनका कहना है कि बालू, कोयला और पत्थर जैसे खनिज सरकारी संपत्ति हैं, ऐसे में अवैध उठाव से सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब नाव के माध्यम से लगातार बालू निकासी हो रही है, तो जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द रोक नहीं लगी तो वे आंदोलन तेज करेंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे क्षेत्र में चर्चा और तेज हो गई है।

