कुमारडुंगी में डायन आरोप में मां-बच्चे की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदासाई कलाईया गांव में डायन के आरोप में एक ही परिवार के तीन लोगों को आग लगाने की घटना में पत्नी और बच्चे की जलकर मौत हो गई, जबकि पति घायल बताया गया है। घटना की सूचना 18 फरवरी 2026 को सुबह करीब 6:10 बजे पुलिस को मिली।


सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
वादी कोल्हान सिंकू (उम्र करीब 40 वर्ष), पिता स्व. लेको सिंकू, ग्राम कुदासाई कलाईया, थाना कुमारडुंगी के फर्दबयान के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 18.02.2026, धारा 103(1)/238/61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं 3/4 डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी में रसिका उर्फ चेचे बिरुवा, सुना बिरुवा, डेलका सिंकू, जेना बिरुवा, सुकुमारी बिरुवा तथा अन्य 2-3 महिलाओं को नामजद किया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रसिका उर्फ चेचे बिरुवा (उम्र 29 वर्ष), जेना बिरुवा (उम्र 19 वर्ष), दोनों पिता स्व. सागर बिरुवा, सोना बिरुवा (उम्र 36 वर्ष), पिता स्व. विरसा बिरुवा तथा डेलका सिंकू (उम्र 20 वर्ष), पिता पुतकर सिंकू, सभी ग्राम कलाईया, टोला कुदासाई, थाना कुमारडुंगी, जिला पश्चिमी सिंहभूम को छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से पांच लीटर का सफेद प्लास्टिक डिब्बा जब्त किया है, जिसमें करीब आधा लीटर पेट्रोल बचा हुआ था।
घटना की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। इसके लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला झारखंड की टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुण्डा (झींकपानी अंचल), सहायक अवर निरीक्षक मिलन करमाली (प्रभार, कुमारडुंगी थाना), धीरज कुमार यादव (थाना प्रभारी, मझगांव थाना), गार्दी सुन्डी (मझगांव थाना), सुनील कुमार यादव (कुमारडुंगी थाना) तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

