बी०एल० नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में टॉउन क्लब और गोप एवं सिंह क्लब की जीत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 33वीं बी०एल० नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के प्रायोजक बनवारी लाल नेवटिया हैं। मैच बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए गए।


पहले मुकाबले में टॉउन क्लब चाईबासा ने शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर को आठ विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर टॉउन क्लब ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
शाह स्पोर्ट्स अकादमी ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 135 रन बनाए। हर्ष बाजरा ने 49 और करण कुमार ने 43 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए टॉउन क्लब की शुरुआत खराब रही। करण कुमार ने पहले ओवर में शुभव यादव और कृपा सिंधु चंदन को आउट कर दिया। इसके बाद प्रणय कुमार और गणेश खंडाईत ने पारी संभाली।

प्रणय कुमार ने 80 नाबाद और गणेश खंडाईत ने 39 नाबाद रन बनाकर टीम को 14.2 ओवर में जीत दिलाई। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी हुई।
दूसरे मुकाबले में गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर को 13 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोप एवं सिंह क्लब ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 214 रन बनाए। ओम अर्जुन यादव ने 117 रन की शानदार पारी खेली। विक्की चौधरी ने 33, प्रकाश डांगील ने 22 और पवन आप्ट ने 15 रन जोड़े। संजय प्रधान ने 3 विकेट लिए।
लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब ने जवाब में 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन बनाए। ललित सिंह भोज ने 88, सौरभ गुप्ता ने 47 और विवेक चौरसिया ने 31 रन बनाए। गोप एवं सिंह क्लब की ओर से सरोज महतो ने 3 विकेट लिए, जबकि प्रकाश डांगील और धीरज कुमार ने 2-2 विकेट हासिल की।

