सुदेश महतो के नेतृत्व में बाघमुंडी में आजसू की सभा, नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन
2026 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन सशक्तिकरण पर जोर, राजनीतिक अटकलें तेज


बाघमुंडी (पुरुलिया): 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पूर्व राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को आजसू की एक महत्वपूर्ण बैठक बाघमुंडी के एक निजी लॉज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने की।बैठक में ब्लॉक के आठ क्षेत्रों से आए सौ से अधिक कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। इस दौरान 2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही मानभूम एवं जंगलमहल क्षेत्र की कथित उपेक्षा और बंचना के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पार्टी आगामी दिनों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।

बैठक के उपरांत हाटतला में नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर नए पार्टी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बंगाल प्रभारी सुनील सिंह महतो, जिला सचिव डॉ. चमन खान सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।सभा में कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। हालांकि 2021 बाघमुंडी विधानसभा सीट पर एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी की पुनरावृत्ति 2026 में होगी या नहीं, इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा, ऐसा नेताओं ने स्पष्ट किया।

नए कार्यालय के उद्घाटन और बड़े स्तर पर कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।


