गांगुडीह के पुरनापानी जंगल में आम के पेड़ से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगुडीह गांव स्थित पुरनापानी टोला के शुरू नाला के समीप जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बुधवार को बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल में आम के पेड़ से एक शव लटका हुआ देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल खरसावां थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया गया। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मृतक की उम्र लगभग 40 बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदा व्यक्तियों का विवरण खंगाल रही है।



