किसानों से किए सभी वादे पूरे होंगे: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का दावा
झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री Shilpi Neha Tirkey ने कहा है कि सरकार के पास अभी लगभग चार वर्ष का समय शेष है और किसानों से किए गए सभी चुनावी वादे पूरे किए जाएंगे। धान के एमएसपी को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई राज्यों की मांग के बावजूद समर्थन मूल्य में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार बोनस दे सकती है, लेकिन धान खरीद की जिम्मेदारी केंद्र की एजेंसियों पर भी निर्भर करती है।


विभागीय अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान मंत्री ने बताया कि राज्य मद का 65 प्रतिशत और केंद्रांश का 67 प्रतिशत बजट खर्च हो चुका है, जो मार्च तक 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है। मिलेट मिशन के तहत हजारों किसानों को डीबीटी के माध्यम से सहायता दी गई है और मडुआ का रकबा तेजी से बढ़ा है।
सिंचाई, सोलर पंप, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी प्रगति का दावा किया गया। देसी मांगुर को राज्य मछली घोषित किया गया है। साथ ही महिला किसान खुशहाली योजना, कोल्ड स्टोरेज और दलहन मिशन जैसी नई योजनाएं शुरू करने की घोषणा भी की गई।

