Newsझारखण्ड

निकाय चुनाव के बाद BJP का हमला: सरकार पर धांधली का आरोप, बागियों पर कार्रवाई को लेकर चुप्पी

निकाय चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रो आदित्य साहु ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता के दुरुपयोग और तिकड़म के सहारे चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में वार्ड, नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। हालांकि पार्टी के बागी उम्मीदवारों पर कार्रवाई को लेकर वे स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी और भाजपा कार्यकर्ताओं के न्यायालय से लेकर सड़क तक संघर्ष के कारण ही चुनाव संभव हो पाया। उन्होंने बैलेट पेपर से मतदान कराने के फैसले पर भी सवाल उठाते हुए इसे मतदान प्रभावित करने की साजिश बताया। रांची नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो समेत कई प्रत्याशियों के हजारों वोट रद्द होने को उन्होंने धांधली का संकेत बताया।

वहीं धनबाद और पाकुड़ से जुड़े सवालों पर भी स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी गई। चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमा सकती है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *