NH-32 के पितकी रेलवे फाटक पर भीषण जाम, 15 घंटे तक फंसे वाहन; ओवरब्रिज निर्माण पूरा करने की उठी मांग
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर स्थित पितकी रेलवे फाटक पर लगातार लग रहे जाम ने आम लोगों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अंतर्गत आने वाले इस फाटक पर दिनभर ट्रेनों की आवाजाही के कारण बार-बार गेट बंद रहता है। नतीजतन जमशेदपुर, रांची, पुरुलिया, धनबाद और बोकारो की ओर जाने वाले यात्री और मालवाहक वाहन घंटों फंसे रहते हैं।


चांडिल जंक्शन के समीप स्थित इस फाटक पर तीन रेलवे ट्रैक हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। पिछले कुछ दिनों से हालात और गंभीर हो गए हैं। कई बार वाहनों की कतार पांच किलोमीटर तक पहुंच जाती है और चालकों को 10 से 15 घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। एक एंबुलेंस के जाम में फंसने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फाटक पर बन रहा ओवरब्रिज जल्द पूरा किया जाए और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाए। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से शीघ्र समाधान की मांग की है।

