होली शांतिपूर्ण कराने को लेकर आमदा ओपी पुलिस ने निकाली फ्लैग मार्च
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार खरसावां के आमदा ओपी पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से ओपी क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, पुराना बाजार व नया बाजार में फ्लैग मार्च निकाला. ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने इस मार्च में हिस्सा लिया. इस दौरान पुलिस बल ने आमदा बाजार के विभिन्न चौक-चौराहों का जायजा लिया और लोगों से शांति व भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की. ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान ने आम जनता से होली को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आग्रह किया. उन्होंने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली पर्व को शांति व सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं. होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अशांति से बचने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा. इस अवसर पर पुलिस के जवान मौजूद रहे.



