Newsझारखण्ड

9 वर्षों से लंबित जेटेट परीक्षा आयोजित कराने की मांग, प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने तीन विधायकों को सौंपा ज्ञापन

 

बोड़ाम (पूर्वी सिंहभूम): झारखंड में पिछले 9 वर्षों से लंबित जेटेट (JTET) परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर बी.एड. और डी.एल.एड. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने शनिवार को जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय तथा जमशेदपुर पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू को अलग-अलग ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने जेटेट परीक्षा की संशोधित नियमावली को जल्द स्वीकृति प्रदान कर परीक्षा आयोजित कराने का मुद्दा विधानसभा में उठाने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा नहीं होने के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

अभ्यर्थियों की ओर से नवकिशोर महतो ने बताया कि जेटेट परीक्षा आयोजित नहीं होने से झारखंड के 5 लाख से अधिक प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिस प्रकार सीटेट परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है, उसी प्रकार जेटेट परीक्षा भी प्रत्येक वर्ष एक या दो बार आयोजित होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि नौ वर्ष बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार की ओर से जेटेट परीक्षा आयोजित नहीं कराई गई है, जिसके कारण पूरे झारखंड में लगभग 15 हजार सहायक आचार्य के पद रिक्त पड़े हैं।

इस दौरान जमशेदपुर पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को विधानसभा में उठाया जाएगा, क्योंकि यह मांग उचित है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नवकिशोर महतो, अश्विनी कुमार रजक, सुबोध मंडल, दुलाल सिंह, प्रधान चंद्र महतो, देवराज महतो, अवधेश महतो, समीर महतो समेत कई अभ्यर्थी उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *