Newsझारखण्ड

झारखंड में स्काई डाइविंग फेस्टिवल की शुरुआत, सोनारी और दुमका में रोमांच का होगा अनोखा अनुभव

झारखंड में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान दिलाने की दिशा में राज्य पर्यटन विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग द्वारा स्काई हाई इंडिया के सहयोग से जमशेदपुर के सोनारी और दुमका में स्काई डाइविंग फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। सोनारी एयरपोर्ट में यह कार्यक्रम 21 मार्च से 29 मार्च तक जबकि दुमका में 1 अप्रैल से 6 अप्रैल तक आयोजित होगा।

पर्यटन विभाग ने पर्यटकों और आम जनता से इस रोमांचक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। फेस्टिवल में प्रतिभागियों को लगभग 10 हजार फीट की ऊँचाई से प्रोफेशनल प्रशिक्षकों के साथ स्काई डाइविंग का अनूठा अनुभव प्राप्त होगा।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल युवाओं और रोमांच प्रेमियों को आकर्षित करेगा बल्कि झारखंड को एक प्रमुख एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। “वन स्टेट, मेनी एडवेंचर्स” की अवधारणा को मजबूत करते हुए यह आयोजन राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मददगार साबित हो सकता है।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर झारखंड की हरियाली और घाटियों के ऊपर से स्काई डाइविंग का अनुभव पर्यटकों के लिए जीवन भर याद रहने वाला रोमांच बनेगा। विभाग का मानना है कि इस फेस्टिवल से स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

झारखंड पर्यटन विभाग ने अपनी विज्ञप्ति में रोमांच प्रेमियों से अपील की है कि वे इस अनूठे आयोजन का हिस्सा बनकर राज्य के एडवेंचर टूरिज्म को नई उड़ान दें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *