Newsझारखण्डसरायकेला

“आदित्यपुर में हादसा: मजदूर की अंगुली कटी, मुआवज़ा और नौकरी की मांग को लेकर मजदूर संघ का हंगामा”

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गर्ग इंजीनियरिंग यूनिट-2 में 8 सितंबर को हुए हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यूनिट में कार्यरत मजदूर विष्णुदेव कुम्हार मशीन पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उनका हाथ मशीन में फंस गया और उनकी एक अंगुली कट गई।

घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने प्राथमिक उपचार तो कराया, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो पीड़ित को उचित मुआवज़ा मिला है और न ही स्थायी नौकरी को लेकर कोई ठोस आश्वासन दिया गया है।

इसी मुद्दे को लेकर भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के कोल्हान प्रभारी संजय गोराई ने पीड़ित के परिजनों के साथ कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि घायल मजदूर को मानवीय आधार पर तत्काल मुआवज़ा और स्थायी रोजगार दिया जाए।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन जल्द निर्णय नहीं लेता है, तो मजदूर संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। संघ का आरोप है कि कंपनी परिसर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी तक नहीं मिलती। पहले भी इन मुद्दों को लेकर प्रबंधन विवादों में घिर चुका है।

इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर अभी भी भारी लापरवाही बरती जा रही है। अब देखना यह होगा कि कंपनी प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाता है और घायल मजदूर को कब तक न्याय मिलता है।

Share this news