JamshedpurNewsझारखण्ड

सिविल सर्जन के प्रयास से पांच बच्चों का सफल हृदय ऑपरेशन, सकुशल घर लौटे नन्हे मरीज

जमशेदपुर।

पूर्वी सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की पहल पर कंजेनाइटल हार्ट डिजीज (जन्मजात दिल में छेद) से पीड़ित पांच बच्चों का हृदय ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर, खारघर (नवी मुंबई) और कोंडापाका (हैदराबाद) में इलाज के बाद सभी बच्चे स्वस्थ होकर वापस लौट आए हैं। बुधवार को उनकी सकुशल वापसी पर सिविल सर्जन कार्यालय में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बच्चों की पहचान आरबीएसके टीम द्वारा की गई थी। डॉ. प्रीति राय, डॉ. किरण कुमारी, डॉ. शशांक चटर्जी और डॉ. मनीमाला सेन ने प्रारंभिक स्क्रीनिंग की। इसके बाद सिविल सर्जन के निर्देश पर डीईआईसी के तहत उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राज नारायण तिवारी की देखरेख में एक बच्चे को खारघर, जबकि चार बच्चों को हैदराबाद भेजा गया। उपचार के दौरान बच्चों के साथ यात्रा, ऑपरेशन और पूरे इलाज का खर्च सरकार की ओर से वहन किया गया।

सकुशल वापसी पर आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, डॉ. राजीव लोचन महतो, डॉ. सौमेन दत्ता सहित आरबीएसके और डीईआईसी टीम के सभी सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए अभिभावकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन ऐसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए हमेशा तत्पर है।

अभिभावकों ने नि:शुल्क उपचार की इस व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन और पूरी मेडिकल टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

श्री सत्य साईं संजीवनी संस्थान के माध्यम से कंजेनाइटल हार्ट डिजीज के बच्चों के लिए नि:शुल्क ऑपरेशन, यात्रा और रहने की सुविधा उपलब्ध होने के कारण जिले के कई निर्धन परिवारों को जीवनदायिनी सहायता मिल रही है।

यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि जिले में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों के लिए आशा की नई किरण भी है।

Share this news