सरायकेला में घटपाट परंपरा व चड़क पूजा के तहत गोरिया भार घट के साथ भोक्ताओं का आगमन

सरायकेला |


नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी के आवास पर सोमवार को प्राचीन घटपाट परंपरा एवं चड़क पूजा के तहत गोरिया भार घट लेकर भोक्ताओं का आगमन हुआ। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं अच्छी वर्षा की कामना की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि घटपाट परंपरा और चड़क पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भैरव साधना के माध्यम से आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा श्रद्धा, तप और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखती है।
उन्होंने बताया कि तेरह दिनों तक तेरह भोक्ताओं द्वारा पूर्ण समर्पण और पवित्रता के साथ संपन्न होने वाले ये अनुष्ठान आस्था की गहराई को दर्शाते हैं। झर-झर झंडा इस पावन आयोजन का प्रमुख प्रतीक है, जिसके माध्यम से क्षेत्र में खुशहाली की कामना की जाती है।
अध्यक्ष ने जानकारी दी कि मंगलवार को भोक्ताओं का पुनः आगमन निर्धारित है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि सरायकेला का चैत्र पर्व, छऊ नृत्य और इन दिव्य अनुष्ठानों के समन्वय से एक विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत करता है, जो नई पीढ़ी तक परंपराओं को पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

