सरायकेला में नई एसपी निधि द्विवेदी, झारखंड में 42 IPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल

रांची: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर तबादले और नई पोस्टिंग का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में कुल 42 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।


इस बदलाव में सरायकेला-खरसावां जिला भी चर्चा के केंद्र में है, जहां निधि द्विवेदी को नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है। उन्हें पाकुड़ से स्थानांतरित कर यहां की कमान सौंपी गई है। वहीं, मौजूदा एसपी मुकेश कुमार लूणायत को रामगढ़ जिले भेजा गया है।
राज्य स्तर पर अन्य महत्वपूर्ण बदलावों की बात करें तो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मनोज कौशिक को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पंकज कम्बोज को मानवाधिकार से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
नरेन्द्र कुमार सिंह को निगरानी से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) बनाया गया है और उन्हें पलामू का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को बोकारो का आईजी नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में माईकल राज एस को रेल आईजी, जबकि सुनील भास्कर को झारखंड सशस्त्र पुलिस का आईजी बनाया गया है। प्रशांत आनंद को रांची में संचार एवं तकनीकी सेवा का एसपी बनाया गया है।
जिलों में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। नाथू सिंह मीणा को बोकारो, अमन कुमार को हजारीबाग, कपिल चौधरी को पलामू, और ललित मीणा को जमशेदपुर नगर का एसपी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा ऋषभ गर्ग को खूंटी, शम्भू कुमार सिंह को जामताड़ा और अनिमेष नैथानी को चतरा जिले की जिम्मेदारी दी गई है। कई अधिकारियों को एसीबी, विशेष शाखा और जैप जैसी इकाइयों में भी नई तैनाती दी गई है।
सरकार का यह कदम कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से उठाया गया माना जा रहा है। खासकर सरायकेला-खरसावां में नई एसपी की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

