LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

तालाब जीर्णोद्धार कार्य में बाधा पर प्रशासन सख्त, FIR की तैयारी

सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुमुंग पंचायत के भलकाडीह में चल रहे तालाब जीर्णोद्धार कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सरकारी कार्य में रुकावट, रंगदारी, संवेदक के कर्मियों के साथ गाली-गलौज, कार्यस्थल पर लगी गाड़ियों को तोड़ने तथा ड्राइवरों को मारपीट की धमकी देने के आरोप में सधीन महतो और रणजीत महतो को राजनगर थाना द्वारा तलब किया गया है। मामले में FIR दर्ज करने की तैयारी चल रही है।

संवेदक के कर्मियों ने आरोप लगाया है कि तालाब जीर्णोद्धार कार्य स्वीकृत एस्टीमेट के अनुसार कराया जा रहा था, जिसमें 150×100 फीट कटिंग एरिया निर्धारित है। लेकिन कुछ लोगों द्वारा जबरन 200×300 फीट तक खुदाई कराने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मशीनों को बंद करवा दिया गया और कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

कर्मियों का आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की, गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और ड्राइवरों को डराने-धमकाने का प्रयास किया, जिसके कारण कार्य बाधित हो गया।

Share this news