नीमडीह में बकरीद को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

नीमडीह : बकरीद पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। यह फ्लैग मार्च अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल एवं पुलिस निरीक्षक चांडिल के नेतृत्व में पुलिस केंद्र नीमडीह थाना के पुलिस बल के साथ निकाला गया। इस दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम झिमड़ी एवं सिन्दूरपुर में भ्रमण कर लोगों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।


फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम जनता को संदेश दिया कि बकरीद का पर्व भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से बचा जाए। साथ ही पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद करने की अपील की गई।
पुलिस द्वारा किए गए इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा भयमुक्त वातावरण में त्योहार संपन्न कराना बताया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में लगातार क्षेत्र में गश्ती एवं फ्लैग मार्च किया जा रहा है, ताकि बकरीद पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।


