Newsझारखण्ड

दुबई में मृत प्रवासी मजदूर लालचंद महतो के परिजनों से मिले विधायक जयराम महतो, शव स्वदेश लाने का दिलाया भरोसा

 

 

गिरिडीह: दुबई में मृत प्रवासी मजदूर लालचंद महतो के परिजनों से मिलने डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार को बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला पंचायत पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही भारतीय दूतावास के अधिकारियों से बातचीत कर पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

 

विधायक ने परिजनों से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया। उन्होंने कहा कि मृतक का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंचे, इसके लिए हर आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार, तिरला पंचायत निवासी 40 वर्षीय लालचंद महतो इसी वर्ष जनवरी में रोजगार की तलाश में दुबई गए थे। कुछ समय तक काम करने के बाद उनकी नौकरी चली गई। इसके बाद आर्थिक तंगी और आवश्यक दस्तावेज खो जाने के कारण उनकी स्वदेश वापसी संभव नहीं हो सकी। इसी बीच उनकी तबीयत बिगड़ने पर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

 

लालचंद महतो के निधन से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। बताया जाता है कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और घर की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं पर थी। उनके निधन के बाद परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

 

इस दौरान प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली भी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा पार्थिव शरीर को शीघ्र स्वदेश लाने की मांग की।

 

विधायक जयराम महतो ने कहा कि इस कठिन समय में परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही लालचंद महतो का पार्थिव शरीर उनके गांव लाया जाएगा, ताकि परिजन उनका अंतिम संस्कार कर सकें।

Share this news