LatestNewsझारखण्ड

झारखंड में सिख समुदाय को आरक्षण का लाभ देने की मांग तेज, अल्पसंख्यक आयोग ने सीएम को लिखा पत्र

रांची: झारखंड में सिख समुदाय को जाति प्रमाण पत्र एवं आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। राज्य अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मजहबी रंगरेटा सिख समाज को अनुसूचित जाति (एससी) का प्रमाण पत्र, आरक्षण तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की है।

ज्योति सिंह मथारू ने अपने पत्र में कहा है कि पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में मजहबी रंगरेटा सिख समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा प्राप्त है। इसी तर्ज पर झारखंड में भी इस समाज को संवैधानिक अधिकारों का लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि झारखंड में जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण समाज के लोग आरक्षण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी सुविधाओं से लंबे समय से वंचित हैं। इससे पहले भी उन्होंने इस संबंध में ज्ञापन देकर ओबीसी श्रेणी के सिख समुदाय को जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग उठाई थी।

इस मुद्दे को युवा पत्रकार, समाजसेवी एवं बीर खालसा दल के सलाहकार प्रीतम सिंह भाटिया लगातार सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों के माध्यम से उठाते रहे हैं। उनके प्रयासों के बाद सिख समाज की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने भी इस मांग को लेकर सक्रिय पहल शुरू की है।

उल्लेखनीय है कि बिहार से अलग होकर झारखंड राज्य बनने के बाद से अब तक राज्य में सिख समुदाय के ओबीसी और एससी वर्ग के लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में आयोग की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share this news