Newsझारखण्डसरायकेला

एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में बीएड विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह, विधायक सबिता महतो ने दी शुभकामनाएं

 

 

सरायकेला-खरसावां/आसनबनी:

आसनबनी स्थित एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में बीएड सत्र 2023-25 के विद्यार्थियों के लिए शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी देखने को मिली।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सबिता महतो शामिल हुईं। वहीं एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के मेंटर राम केवल सिंह, चेयरमैन विवेक कुमार सिंह और संस्थान की निदेशक अनुपा सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

अपने संबोधन में विधायक सबिता महतो ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों को निभाने की अपील की।

 

संस्थान के पदाधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। एक शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कार से समाज को बेहतर दिशा देने का काम करता है।

समारोह के दौरान बीएड सत्र 2023-25 के सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रीति कुमारी को Academic Excellence Award, नरेंद्र प्रसाद सिंह को Best Personality Award, गिरिधारी तंतुबाई को Student Favourite Award समेत कई विद्यार्थियों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। गीत और नृत्य की प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया। अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की।

 

अंत में विद्यार्थियों ने संस्थान के शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन से उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की सीख मिली है।

 

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मौके पर संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Share this news