सरायकेला रथ मेला में बड़ा हादसा टला: अगरबत्ती-दीया जलाते समय महिला के पल्लू में लगी आग, टाइगर जवान अनिल ने बचाई जान

सरायकेला: विश्व प्रसिद्ध सरायकेला रथ मेला में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब मौसीबाड़ी में प्रभु जगन्नाथ की पूजा-अर्चना के दौरान एक महिला श्रद्धालु की साड़ी के पल्लू में अचानक आग लग गई। मौके पर मौजूद झारखंड जगुआर के टाइगर जवान अनिल ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल आग बुझाकर महिला की जान बचा ली। इस दौरान उनका हाथ भी झुलस गया।


जानकारी के अनुसार, पंडरा गांव की श्रद्धालु संगीता प्रजापति मौसीबाड़ी में भगवान जगन्नाथ की पूजा कर रही थीं। इसी दौरान अगरबत्ती और दीया जलाते समय उनकी साड़ी का पल्लू आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग फैलने लगी, जिससे पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात टाइगर जवान अनिल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना किसी देरी के महिला के कपड़ों में लगी आग बुझा दी। इस साहसिक प्रयास में उनका हाथ झुलस गया, लेकिन उन्होंने महिला को सुरक्षित बचा लिया और बड़ा हादसा होने से रोक दिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने टाइगर जवान अनिल की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि जवान समय रहते कार्रवाई नहीं करते तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
रथ मेला में जवान अनिल के इस साहसिक कार्य की चारों ओर चर्चा हो रही है। श्रद्धालुओं ने इसे मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

