Newsझारखण्ड

कोल्हान नितिर तुरतुंग चक्रधरपुर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा विशेष सत्र का आयोजन, नशा मुक्ति और मेडिटेशन के दिए गए गुर

 

 

कोल्हान नितिर तुरतुंग/चक्रधरपुर (3 सितम्बर): कोल्हान नितिर तुरतुंग के चक्रधरपुर केंद्र में आज एक विशेष प्रेरणादायक सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के संरक्षक माझी राम जामुदा ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों का आत्मीय परिचय कराया और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।

 

कार्यक्रम के दौरान माउंट आबू (राजस्थान) से आए बीके हितेश, बेगूसराय से बीके रंजीत, जमशेदपुर से बीके पूनम और बीके पायल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। ब्रह्माकुमारीज के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को “खुद से खुद को मिलाने” के लिए मेडिटेशन (ध्यान) का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि ध्यान से एकाग्रता और आत्मविश्वास को कैसे बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने कठिन और विषम परिस्थितियों में भी मानसिक शांति बनाए रखने के व्यावहारिक गुर सिखाए।

 

सत्र के दौरान नशा मुक्ति पर विशेष जोर दिया गया। बीके प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा केवल शराब या ड्रग्स तक सीमित नहीं है, बल्कि आज के दौर में मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल, किसी वस्तु का आदी होना या किसी के प्रति अत्यधिक भावनात्मक लगाव भी एक प्रकार का नशा है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन डिजिटल और व्यावहारिक व्यसनों से खुद को संभालने व सुरक्षित रखने की सीख दी।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। ब्रह्माकुमारीज की ओर से सामाजिक जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान के लिए कोल्हान नितिर तुरतुंग संस्थान को “नेशनल पब्लिक अवेयरनेस मूवमेंट” का प्रमाण पत्र (Certificate) भी प्रदान किया गया।

 

इस विशेष सत्र में संस्थान के संरक्षक माझी राम जामुदा, संयुक्त सचिव हेमंत सामड, मीडिया प्रभारी रबिन्द्र गिलुवा, संस्थापक सदस्य सत्यजीत हेमब्रोम, शिक्षक गौतम गागराई, सिकंदर गागराई, सिनी गागराई, जीतू बोदरा, मलंती सोय, गुरुवारी सामड सहित लगभग 165 छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Share this news