छात्रों पर लाठीचार्ज और पेपर लीक के विरोध में आजसू का प्रदर्शन, बिरसा चौक पर हेमंत सोरेन का पुतला दहन

सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी, पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग


सरायकेला। छात्रों पर लाठीचार्ज, कथित पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर आजसू पार्टी ने शुक्रवार को सरायकेला में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आजसू पार्टी की जिला कमेटी के नेतृत्व में नगर क्षेत्र स्थित बिरसा चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान आजसू नेताओं ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे सरकार का दमनकारी रवैया बताया। नेताओं ने कहा कि अपने अधिकार और भविष्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना कहीं से भी उचित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो उर्फ माकड़ महतो ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ जिस तरह बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग
सत्यनारायण महतो ने कथित पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के पीछे सक्रिय सिंडिकेट का खुलासा होना चाहिए। पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को सामने लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों युवा सरकारी नौकरी की उम्मीद में दिन-रात प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा से पहले पेपर लीक होने या परीक्षा व्यवस्था में किसी तरह की गड़बड़ी की खबर सामने आने से युवाओं के भविष्य पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की मांग की।
बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
आजसू नेताओं ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनका भरोसा टूट रहा है।
आजसू नेताओं ने कहा कि पुतला दहन के माध्यम से पार्टी सरकार को यह संदेश देना चाहती है कि छात्रों और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। युवाओं के अधिकार, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था को लेकर आजसू पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में आजसू पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दुर्गा चरण महतो, दिनेश कुमार महतो, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश हांसदा, सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष गणेश महतो, गम्हरिया प्रखंड उपाध्यक्ष सुषेन महतो, गुरुचरण महतो, बड़कू महतो, ओबीसी जिलाध्यक्ष अंगुर महतो, आलोक कुमार सिंहदेव, सुखीराम महतो, सहदेव महतो, सुकु महतो, इंद्रजीत महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रों पर कार्रवाई के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करने, कथित पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।


