समेकित कृषि से बढ़ेगी किसानों की आय, मधुश्री महतो ने किसानों को किया प्रेरित
रांची/कुकड़ू: किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रसार प्रशिक्षण केंद्र, हेहल, रांची में सरायकेला-खरसावां जिले के 50 चयनित किसानों के लिए समेकित कृषि प्रणाली पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सरायकेला-खरसावां की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो शामिल हुईं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मधुश्री महतो ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर रहकर किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि करना कठिन है। किसानों को खेती के साथ-साथ अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को भी अपनाना चाहिए, ताकि उनकी आमदनी के स्रोत बढ़ें और आर्थिक स्थिति मजबूत हो।

उन्होंने किसानों को कृषि के साथ मुर्गी पालन, बकरी पालन, बत्तख पालन, गाय पालन और मशरूम की खेती जैसी गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समेकित कृषि प्रणाली किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण और वैज्ञानिक विकल्प है। इसके माध्यम से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है, खेती की लागत कम की जा सकती है और मुनाफे में वृद्धि की जा सकती है।
मधुश्री महतो ने किसानों से प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से सीखने और अपने खेतों में उसका उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन एवं अन्य सहायक गतिविधियों को अपनाकर किसान आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

इस अवसर पर प्रसार प्रशिक्षण केंद्र के पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और सरायकेला-खरसावां जिले से पहुंचे 50 प्रशिक्षु किसान उपस्थित थे। पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को समेकित कृषि प्रणाली की जानकारी देकर उनकी उत्पादन क्षमता और आय बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


