डंगलटांड फुटबॉल प्रतियोगिता में जीत स्पोर्टिंग क्लब कुचाई ने मारी बाजी, जिला परिषद अध्यक्ष ने विजेता टीम को एक लाख एक हजार रुपये और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
खरसावां प्रखंड अंतर्गत कृष्णापुर पंचायत के डंगलटांड गांव में मां लक्ष्मी नव युवक संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में कोल्हान क्षेत्र की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा नेता सोनाराम बोदरा विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य सावित्री बानरा और कृष्णापुर पंचायत की मुखिया रेशमी सोय उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत स्पोर्टिंग क्लब कुचाई ने खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को एक लाख एक हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता जीएस ब्रदर्स लेदराडीह की टीम को 70 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। तीसरे स्थान पर रही ब्रेकप एफसी खूंटपानी और चौथे स्थान पर रही जय मां तारणी कृष्णापुर की टीम को 30-30 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।


इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि फुटबॉल ग्रामीण क्षेत्रों में बेहद लोकप्रिय खेल है। इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को जीत-हार की चिंता से ऊपर उठकर अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए। आज गांव के मैदान में बेहतर प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी भविष्य में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मेजर राजाराम महतो, आनंद महतो, रोहित महतो, शिवा कुद्दा, खगेश्वर महतो, अमित महतो, अजय सोय, सुदर्शन महतो, अमरदीप महतो, चुनीलाल महतो, बलराम महतो, उमेश महतो, उग्रसेन महतो और दीपक महतो समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।



