चतरा में प्रदूषण पर लगाम लगाने की तैयारी, खनन-क्रशर इकाइयों को नियमों के पालन का निर्देश
सभापति उदय शंकर सिंह एल, सदस्य संजीव सरदार और जनार्दन पासवान ने अधिकारियों संग की बैठक

झारखंड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने गुरुवार को चतरा के नये परिसदन भवन में बैठक कर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की. समिति ने खनन गतिविधियों और क्रशर इकाइयों के संचालन में निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही, नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया.

बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति उदय शंकर उर्फ चुन्ना सिंह ने की. इस दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली गयी. उपायुक्त रवि आनंद ने सभापति और समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.
खनन और क्रशर संचालन के मानकों की समीक्षा
बैठक में खनन, क्रशर संचालन और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गयी. समिति ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी इकाइयों में निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाये, ताकि प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके.
पौधरोपण और वन संरक्षण पर जोर
समिति ने वन संरक्षण के तहत पौधरोपण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और लगाये गये पौधों के उचित रखरखाव पर भी चर्चा की. पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रयास प्रभावी हो सकें.
वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम पर चर्चा
बैठक में वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम, वाहनों की जांच और परिवहन संबंधी पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गयी. समिति ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमों का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में समिति के सदस्य सह पोटका विधायक संजीव सरदार, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.


