झारखंड के संपूर्ण विकास को लेकर गोवा में मंथन, जनवरी से पूरे प्रदेश में विकास कॉन्क्लेव आयोजित करने की तैयारी
रांची: झारखंड के संपूर्ण विकास और राज्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने गोवा में विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय मंथन किया। इस बैठक में तकनीकी, कानूनी, प्रबंधन, उद्योग और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ एवं जानकार शामिल हुए। बैठक में झारखंड के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जनवरी 2027 से झारखंड के विभिन्न हिस्सों में विकास कॉन्क्लेव आयोजित किए जाएंगे। इन कॉन्क्लेव में देश-विदेश के टेक्नोक्रेट, प्रशासनिक अधिकारी, प्रबंधन विशेषज्ञ और विभिन्न क्षेत्रों के जानकार शामिल होंगे। इसके माध्यम से राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को तथ्यों और तर्कों के साथ जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कॉन्क्लेव की तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
बैठक में जल, जंगल और जमीन की रक्षा, जाति, धर्म और लिंग के आधार पर समान अधिकार, प्रत्येक वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रतिबद्धता जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बेहतर व्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उच्चस्तरीय वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों की स्थापना तथा प्रत्येक व्यक्ति के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंथन हुआ। इसके तहत एक हजार से अधिक आबादी वाली प्रत्येक पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने, लोगों को मुफ्त इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसके साथ ही बिजली, सड़क और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने तथा पूरे राज्य में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई गई।
औद्योगिक विकास को लेकर छोटे कुटीर उद्योगों से लेकर बड़े उद्योगों को प्रोत्साहित करने, टेक्नोलॉजी पार्क स्थापित करने और विश्व की बड़ी कंपनियों को झारखंड में निवेश के लिए आकर्षित करने पर भी चर्चा हुई। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया और उसकी शर्तों को पारदर्शी बनाने के साथ प्रभावित परिवारों के कम से कम एक सदस्य को रोजगार तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में लीला ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट सुजीत सिंह, ओएनजीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रत्नेश सिंह, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश रंजन दास, लार्सन एंड टुब्रो के वाइस प्रेसिडेंट असित मिश्रा, इंजीनियर एवं रियल एस्टेट डेवलपर आशीष कुमार और रिपुंजय प्रसाद सिंह, इंडियन रेवेन्यू सर्विस के अजय पांडेय, टेक्नोक्रेट केएनपी सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक कुमार तथा ऑडिटर एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट देबाशीष शानीग्राही सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल हुए।
बैठक में झारखंड के विकास के लिए विशेषज्ञों के अनुभव और सुझावों को शामिल करते हुए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। जनवरी 2027 से प्रस्तावित विकास कॉन्क्लेव के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं, संभावनाओं और विकास की योजनाओं को जनता के बीच रखने की तैयारी है।


