Newsझारखण्ड

रांची में नगरकीर्तन को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 22 नवंबर को कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

 

रांची: सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 22 नवंबर को राजधानी रांची में नगरकीर्तन निकाला जाएगा। इसको लेकर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और शोभायात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, रविवार सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों को रांची शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को निर्धारित अवधि में रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।

नगरकीर्तन के दौरान दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक मेन रोड पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान रेडियम चौक से शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, रतन टॉकीज और सुजाता चौक तक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

इसके अलावा पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक होते हुए शहीद चौक तक भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

वहीं, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल, पीपी कंपाउंड तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि नगरकीर्तन के दौरान बिरसा मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, वूल हाउस कटिंग, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी चौक और सुजाता चौक की ओर जाने से बचें।

नगरकीर्तन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालु राम बिलास पेट्रोल पंप के समीप स्थित सुरजीत मोटर गैरेज और शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल परिसर में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।

इधर, प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक पब्लिक स्कूल से सुजाता चौक तक के मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की सफाई, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को नगरकीर्तन से पहले पूरे मार्ग की बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सुजाता चौक और आसपास के इलाकों में लगे अनधिकृत विज्ञापन बोर्ड, मोनोपोल और होर्डिंग हटाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और नगरकीर्तन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

Share this news