LatestNewsझारखण्ड

पोटका का कुपोषण उपचार केंद्र खाली, कैसे दूर होगा बच्चों का कुपोषण?

 

 

12 बेड वाले एमटीसी केंद्र में इस महीने महज तीन बच्चों का हुआ नामांकन, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सुपरवाइजरों की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

 

पोटका : प्रखंड में बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए संचालित कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) खुद बदहाली का शिकार नजर आ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका में 12 कुपोषित बच्चों के इलाज के लिए बेड की व्यवस्था है, लेकिन इस महीने अब तक मात्र तीन बच्चों को ही केंद्र में भर्ती कराया जा सका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब उपचार केंद्र में पर्याप्त बेड उपलब्ध हैं, तो कुपोषित बच्चे इलाज के लिए केंद्र तक क्यों नहीं पहुंच पा रहे हैं?

 

सरकार की ओर से कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर एमटीसी केंद्र में भर्ती कराने और समुचित उपचार के माध्यम से उन्हें स्वस्थ बनाने की योजना चलाई जा रही है। इसके तहत बाल विकास परियोजना के सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी सेविकाओं को अपने क्षेत्र में कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बावजूद बच्चों का केंद्र तक नहीं पहुंचना व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।

 

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि वर्तमान में एमटीसी केंद्र में तीन कुपोषित बच्चे भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण दूर करने के लिए सरकार की यह एक अच्छी योजना है, लेकिन बच्चों को उपचार केंद्र तक नहीं लाए जाने के कारण उनका समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। आंगनबाड़ी सेविकाओं और बाल विकास परियोजना के सुपरवाइजरों को बच्चों की पहचान कर उन्हें एमटीसी केंद्र में भर्ती कराने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

 

वहीं, डीएसडब्ल्यू शत्रुंजय कुमार ने बताया कि उपायुक्त के माध्यम से निर्देश प्राप्त हुआ है कि कुपोषण उपचार केंद्रों में उपलब्ध बेड के अनुरूप एसएएम (गंभीर तीव्र कुपोषण) से पीड़ित बच्चों को भर्ती कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जाए। इस दिशा में सभी केंद्रों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को उपचार का लाभ मिल सके।

Share this news