Newsझारखण्डसरायकेला

आदित्यपुर गोलीकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

 

 

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से हथियार व जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

 

मामला आदित्यपुर थाना कांड संख्या 67/2026 से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार 2 मार्च 2026 को शुबम सरकार और राज लोहार ने राजवीर सिंह उर्फ लालू पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। इस घटना में राजवीर सिंह को गोली लग गई थी। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में शुबम सरकार, उम्र 22 वर्ष और राज लोहार उर्फ कालू, उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। दोनों आदित्यपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, एक मैगजीन, 7.65 एमएम के 16 जिंदा कारतूस और .315 बोर के 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक टीवीएस कंपनी की मोटरसाइकिल और दो ओप्पो कंपनी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *