आदित्यपुर में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, विस्फोटक सामग्री भी बरामद
आदित्यपुर।


इलाके में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरआईटी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को पुलिस ने इच्छापुर के लाइन टोला क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल सरदार उर्फ गोरे, निवासी लाइन टोला, इच्छापुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देसी कट्टा के अलावा संदिग्ध तकनीकी एवं विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो जीपीएस सिस्टम तथा दो डेटोनेटर बॉक्स जब्त किए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध आरआईटी थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। बरामद सामान को देखते हुए पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी इन उपकरणों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप देखा जा रहा है।

