JamshedpurNewsझारखण्ड

आदित्यपुर में जिला परिवहन विभाग ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, वाहन चालकों को दिए निर्देश  

 

सरायकेला-खरसावाँ।

जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ की ओर से आदित्यपुर क्षेत्र के ऑटोक्लस्टर टोल ब्रिज रोड पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान की निगरानी जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरजा शंकर महतो ने स्वयं की।

 

अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया और तिपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाणपत्र, बीमा और परमिट जैसे जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जिन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज अनुपस्थित थे, उन्हें चेतावनी दी गई और जल्द से जल्द दस्तावेज अद्यतन कराने का निर्देश भी दिया गया।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों को निर्देशित किया कि वे सभी वैध दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और निबंधन प्रमाणपत्र हमेशा साथ रखें। साथ ही, उन्होंने चालकों को यह भी सलाह दी कि वे निर्धारित ड्रेस कोड (वर्दी) में ही वाहन का परिचालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें।

 

इस दौरान विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि तिपहिया वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाना मोटरयान अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है और इससे न केवल यात्री बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।

 

परिवहन विभाग ने जानकारी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके और दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *