आदित्यपुर में जयराम महतो का गरजता भाषण, उद्योगपतियों को दी उलगुलान की चेतावनी
आदित्यपुर, झारखंड — झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष व डुमरी के विधायक जयराम महतो ने आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा में उद्योगपतियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।


उन्होंने साफ कहा, “मैं उद्योग का विरोधी नहीं हूं, लेकिन जो झारखंडियों के हक़ पर डाका डालेगा, मजदूरों का शोषण करेगा—उसके खिलाफ उलगुलान होगा।”
जयराम महतो ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के एक उद्योगपति का नाम लेते हुए कहा कि अगर मजदूरों को श्रम क़ानून और औद्योगिक नीति के तहत हक़ नहीं मिला, तो आंदोलन सड़क से लेकर फैक्ट्री गेट तक होगा। उन्होंने डीसी और एसपी को निशाने पर लेते हुए कहा, “ये नौकरशाह आज हैं, कल चले जाएंगे। मैं जनता का प्रतिनिधि हूं और उनके अधिकारों की लड़ाई आख़िरी सांस तक लड़ता रहूंगा।”

“बाहरी विरोधी नहीं, लेकिन खतियान आधारित डोमिसाइल ज़रूरी”
जयराम महतो ने मंच से स्पष्ट किया कि वे किसी बाहरी के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने बिहार, यूपी, बंगाल, उड़ीसा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत अन्य राज्यों के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि वे यहां रहकर काम करें, लेकिन स्थानीयों के अधिकारों के लिए खतियान आधारित डोमिसाइल पॉलिसी लागू होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का “चमकता मंदिर” नहीं, बल्कि पंडित नेहरू का “आधुनिक भारत” चाहिए।
—
झारखंडियों की अस्मिता पर खतरा, हेमंत सरकार से सख़्त कदम उठाने की मांग
जयराम महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि झारखंड अलग राज्य बने 25 साल हो चुके हैं, लेकिन जल, जंगल, जमीन और रोज़गार की लड़ाई अब भी अधूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंडवासियों की अस्मिता बचाने के लिए कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
—
सैकड़ों कार्यकर्ता JLKM में हुए शामिल
कार्यक्रम में विभिन्न दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता झारखंड टाइगर जयराम महतो के नेतृत्व में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा में शामिल हुए। मंच पर मौजूद नेताओं में—
केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो
सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम माड़ी
झारखंड के सैनिक के नाम से मशहूर केंद्रीय उपाध्यक्ष बेबी महतो
केंद्रीय सदस्य विदेश्वर महतो
कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो
जिला अध्यक्ष दीपक महतो
युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रोहित महतो
राजनगर प्रखंड अध्यक्ष संजय महतो
समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

