आदित्यपुर में मां मनसा देवी मंदिर पर कार्रवाई से बवाल, स्थानीय लोगों में उबाल
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गुमटी बस्ती मार्ग पर स्थित मां मनसा देवी मंदिर के हिस्से को तोड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। रेलवे प्रशासन द्वारा मंदिर का छज्जा और चबूतरा हटाए जाने के बाद यह मामला तूल पकड़ चुका है। लोगों का कहना है कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और यहां उनकी आस्था जुड़ी हुई है। अचानक ढांचा तोड़े जाने से श्रद्धालुओं में निराशा और गुस्सा है।


स्थानीय निवासियों के अनुसार रेलवे ने पहले सीमांकन कर खंभे लगाए थे और आश्वासन दिया था कि मंदिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। इसी वजह से लोगों को भरोसा था कि सड़क निर्माण का रास्ता मंदिर से हटकर निकाला जाएगा। मगर कार्रवाई के दौरान मंदिर का आधा हिस्सा टूट जाने से लोगों का विश्वास टूट गया है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी इसी मार्ग पर स्थित मां काली मंदिर को रेलवे क्षेत्र का बताते हुए हटाया गया था।
लोगों ने बताया कि मंदिर जिस जमीन पर स्थित है, वह अनाबाद बिहार सरकार की भूमि है, जहाँ वर्षों से पूजा होती आ रही है। इसके बावजूद सीमांकन के बाद मंदिर पर कार्रवाई होना बेहद आपत्तिजनक माना जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोग एकजुट होकर विरोध कर रहे हैं और मंदिर के पुनर्निर्माण तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं।

