आदित्यपुर में स्ट्रीट लाइटें बनी जनसमस्या, सिटीजन फोरम ने नगर निगम को सौंपा ज्ञापन
आदित्यपुर (जमशेदपुर)। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अंधेरे में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर आदित्यपुर सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के स्ट्रीट लाइट प्रभारी श्री बाल किशोर दौराई को निगम प्रशासक के नाम ज्ञापन सौंपा।


फोरम की ओर से बताया गया कि कई वार्डों में आधी से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं, और दो महीने से लगातार आवेदन दिए जाने के बावजूद मरम्मती कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। बरसात का हवाला देते हुए काम में देरी की बात कही जा रही है, लेकिन अब मौसम अनुकूल होते हुए भी निगम की निष्क्रियता से जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में जल्द से जल्द खराब लाइटों की मरम्मत करने और जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में फोरम प्रभारी विष्णु देव गिरी के साथ दीपक कुमार, चंद्र किशोर शर्मा, आर. एन. प्रसाद, सूरज कुमार, श्रीमती इंदु देवी, श्रीमती गीता देवी, अरुण सिंह समेत अन्य सदस्य शामिल रहे।

