आदित्यपुर रोड पर भीषण हादसा: अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर
आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां)। आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर टूल रूम के पास बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने पहले पीछे से एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। चालक के बिना ही ट्रेलर आगे बढ़ता रहा और डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी लेन में चला गया। इसी दौरान सामने से आ रही बुलेट उससे टकरा गई। जिसके नंबर प्लेट JH 05 BV 1386) है बाइक पर सवार दो युवकों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के कारण कुछ समय तक टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


