Newsझारखण्ड

आदिवासी ‘हो’ समाज का सामाजिक मिलन समारोह “उपरूम-जुमूर” 11 जनवरी को

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): आदिवासी ‘हो’ समाज का सामाजिक मिलन समारोह 11 जनवरी 2026 को आईटीआई मैदान, चाईबासा में बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा की ओर से आयोजित किया जा रहा है। झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से ‘हो’ समाज के प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के सदस्यों के बीच आपसी परिचय बढ़ाना, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना, समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करना और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना है।

 

समारोह में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें समाज के सदस्यों के लिए परिचय सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सामूहिक नृत्य, भाषा और संस्कृति के प्रति जागरूकता, पर्व और त्योहारों के आयोजन पर चर्चा, कृषि और पशुपालन में सुधार, व्यवसाय और रोजगार पर मार्गदर्शन, स्वास्थ्य और शिक्षा पर जागरूकता, और समाज की आंतरिक कुरीतियों को मिटाने के कार्यक्रम शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर कई जनजातीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो समाज की सांस्कृतिक विविधता और उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे।

कार्यक्रम में समाज के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और जिला प्रशासन के सदस्य भी आमंत्रित हैं।

 

समाज के नेताओं ने कहा कि यह आयोजन आदिवासी ‘हो’ समाज की एकजुटता और संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है।

आज शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान ईपिल सामड़, केंद्रीय अध्यक्ष आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा, जगन्नाथ हेस्सा, अध्यक्ष आयोजन समिति, गब्बर सिंह हेंब्रम, महासचिव युवा महासभा ने सभी तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में लगभग 30 से 35 हजार लोग शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में शिक्षा, कृषि, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

 

सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से यह आयोजन आदिवासी ‘हो’ समाज के युवाओं और ग्रामीण जनों को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी प्रतिनिधियों और समाज के सदस्यों से अपील की गई है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में योगदान दें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *