“आईपीएस रैंक में प्रोन्नत अधिकारियों को सीएम हेमंत सोरेन ने दी बधाई, बैज पहनाकर किया सम्मानित”
रांची – राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत हुए अधिकारियों को आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सम्मानित किया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से नव-प्रोन्नत अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।


इस अवसर पर राम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा और दीपक कुमार को आईपीएस रैंक में प्रोन्नति मिलने पर विशेष सम्मान दिया गया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी अधिकारियों को आईपीएस का बैज पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों की कड़ी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी नई जिम्मेदारियों के साथ राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेंगे तथा जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
इस सम्मान समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा भी उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत अधिकारियों को बैज पहनाकर बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और गरिमामय रहा। पुलिस विभाग में इस पदोन्नति को प्रेरणादायक बताते हुए कहा गया कि इससे सेवा में कार्यरत अन्य अधिकारियों का मनोबल भी बढ़ेगा और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

