आगामी त्योहारों को देखते हुए आदित्यपुर के खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
उपायुक्त निर्देशानुसार मिठाई दुकानों और होटलों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी


सरायकेला-खरसावाँ।
आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आदित्यपुर क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। उपायकुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर यह अभियान अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री सुबीर रंजन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मिठाई दुकानों और होटलों से खाद्य नमूने संकलित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए, ताकि खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही सभी प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र और स्वच्छता मानकों की भी जांच की गई।
खाद्य संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अज्ञात स्रोत से प्राप्त कच्चे माल का उपयोग न करें और केवल प्रमाणित सामग्री का ही उपयोग करें। इसके अलावा स्ट्रीट फूड वेंडर्स को अपने स्टॉल की सफाई, स्वच्छ पानी का प्रयोग और खाद्य सामग्री को ढककर रखने के लिए निर्देशित किया गया।
मिठाई दुकानों, रिटेलर और मार्ट संचालकों से यह भी कहा गया कि सभी उत्पाद लेबलयुक्त और वैधता अवधि के साथ ही बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएँ। बिना लेबल वाले या संदिग्ध उत्पादों की बिक्री पर कठोर रोक लगाई गई है।
उपायुक्त ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच नियमित रूप से हो, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री सुबीर रंजन ने बताया कि यह निरीक्षण अभियान त्योहारों तक निरंतर जारी रहेगा। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी अस्वच्छ या मिलावटी खाद्य पदार्थ की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

