आमबगान मैदान की बदहाली पर भड़के विधायक सरयू राय, डीसी को पत्र लिखकर सौंदर्याकरण की मांग
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने साकची स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आमबगान मैदान की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए पूर्वी सिंहभूम के डीसी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि आमबगान मैदान अब कार-बसों की अवैध पार्किंग, अस्थायी गैरेज और अतिक्रमण का केंद्र बन गया है। शनिवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि मैदान में घूमन्तु लोगों ने प्लास्टिक के घर बना लिए हैं, दुकानें खड़ी कर दी गई हैं और एक हिस्से में मेला लग गया है।


सरयू राय ने बताया कि नेताजी की प्रतिमा का संरक्षण और सौंदर्याकरण उनकी अनुशंसा पर विधायक निधि से किया जा रहा है, पर मैदान की बदहाली ने पूरे प्रयास को प्रभावित कर दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि 2014–19 के बीच जुस्को द्वारा मैदान की घेराबंदी और विकास का कार्य शुरू हुआ था, जो अधूरा रह गया।
उन्होंने कहा कि यह स्थल नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़ा है और स्वतंत्रता संग्राम की धरोहर है। इसलिए मैदान का नामकरण, घेराबंदी, सौंदर्याकरण और पर्यटन योग्य विकास तत्काल जरूरी है।
विधायक ने डीसी से अनुरोध किया कि जिला प्रशासन, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और टाटा स्टील मिलकर इस मैदान को साफ-सुथरा, सुरक्षित और ऐतिहासिक स्मृति स्थल के रूप में विकसित करें। निरीक्षण के दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके साथ मौजूद थे।

