Newsझारखण्ड

आरसीपीपी की पहल पर बड़ा जामदा व नोवामुंडी के विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान   

 

बड़ा जामदा(प्रकाश कुमार गुप्ता): आरसीपीपी कंप्यूटर एजुकेशन की ओर से मंगलवार 03 फरवरी 2026 को बड़ा जामदा एवं नोवामुंडी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसके तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

 

अभियान के दौरान सृष्टि चाईबासा की टीम द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित एक जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा शपथ पत्र के माध्यम से शपथ दिलाई गई कि वे जाने-अनजाने कभी भी सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे।

नाटक के माध्यम से विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं को यह जानकारी दी गई कि नाबालिग बच्चों को बाइक या अन्य वाहन चलाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। इसके साथ ही नशे की हालत में या नींद की अवस्था में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की गई।

 

इस अभियान में आरसीपीपी के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं प्रमोद ठाकुर, रंजन साहू, कृष्ण मोहन ठाकुर, शिबू नायक, राज गुप्ता, स्वेता सिंह, साक्षी सिंह, सोनम कुमारी, नंदनी कुमारी, स्नेहा सिंह, कुंदन राय, सागर गोंड सहित अन्य की उपस्थिति रही।

 

यह जागरूकता नाटक नोवामुंडी के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बड़ा जामदा के के पी शारदा इंग्लिश मीडियम स्कूल, वेलडन फ्यूचर एकेडमी, 10+2 हाई स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तथा मिडल स्कूल बड़ा जामदा में प्रस्तुत किया गया।

 

सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने नाटक की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में भी काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *