अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज का कल जमशेदपुर आगमन, सीजीपीसी की सिख संगत से बड़ी संख्या में स्वागत करने की अपील
जमशेदपुर. अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज का कल जमशेदपुर आगमन होगा. उनके स्वागत की तैयारियाँ सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) की ओर से जोर-शोर से की जा रही हैं.


सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने शहर के तमाम नौजवानों और सिख संगत से अपील की है कि वे सुबह 8:00 बजे सीजीपीसी कार्यालय पहुँचें. इसके साथ ही, सीजीपीसी का प्रतिनिधि मंडल कल बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पहुँचकर जत्थेदार साहिब का भव्य स्वागत करेगा और उन्हें जमशेदपुर लेकर आएगा. वहीं, जो लोग उस समय उपस्थित नहीं हो सकते, उनसे दोपहर 2:00 बजे डोबो स्थित मनजीत होटल के पास जत्थेदार साहिब के स्वागत करने की अपील की गई है.
बताया गया है कि जत्थेदार साहिब का यह दौरा गुरुद्वारा साहिब मानगो में चल रहे गुरमत सिखया कैंप के संदर्भ में हो रहा है. वे जमशेदपुर पहुँचकर इस कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित करेंगे. उनके आगमन को लेकर सिख संगत में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है.
इसके साथ ही, 4 अक्टूबर को रामगढ़िया सभा में एक पंथक गोष्ठी का आयोजन किया गया है, जिसमें कोल्हान के सभी गुरुद्वारा कमेटियों के सेवादार एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों के शामिल होंगे.

