अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से 108 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई
चाईबासा: अखिल विश्व गायत्री परिवार, चाईबासा की ओर से शनिवार को टुंगरी स्थित शम्भू मंदिर प्रांगण से सुबह 9 बजे 108 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं और बहनें शामिल हुईं।


कलश यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए करनी मंदिर घाट पहुंची, जहां कलशों में जल भरने के बाद यात्रा पुनः शम्भू मंदिर प्रांगण लौटी। इस कलश यात्रा के साथ ही 24 कुंडीय नारी सशक्तिकरण सह शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित यह यज्ञीय कार्यक्रम 13 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चार दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अखिल विश्व गायत्री परिवार, चाईबासा की ओर से समाज के सभी वर्गों के महिला एवं पुरुषों से इस यज्ञीय कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने बताया कि इस महायज्ञ का उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, सामाजिक सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिल विश्व गायत्री परिवार के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।

